​रांची।राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग फेरीवाले राजकुमार प्रसाद की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने शनिवार को सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी की मांग की।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे राजकुमार प्रसाद अशोक नगर से अपनी फेरी का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान अशोक नगर गेट नंबर-2 के पास एक तेज रफ्तार सफेद-ग्रे रंग की क्रेटा कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे को अंजाम देने के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

​स्थानीय लोग तुरंत गंभीर रूप से घायल राजकुमार प्रसाद को अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। शनिवार सुबह घटना की खबर फैलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार क्रेटा कार व चालक की तलाश की जा रही है।