​धनबाद। डुमरी विधायक जयराम महतो से जुड़े मामले में अब कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। बरवाअड्डा थाना से संबंधित विवादित मामले में दाखिल की गई उनकी अग्रिम जमानत याचिका को सुनवाई के लिए विशेष एमपी एमएलए कोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया है। अदालत मंगलवार को इस याचिका पर सुनवाई करेगी, जिसे गिरफ्तारी से राहत के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

​प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही जयराम महतो लगातार गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं। मंगलवार को होने वाली सुनवाई के दौरान अदालत में पुलिस की तरफ से मामले से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और केस डायरी पेश किए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि यह पूरा विवाद बरवाअड्डा थाना परिसर में हुए एक हंगामे से जुड़ा है, जिसके बाद जयराम महतो और स्थानीय पुलिस के बीच तीखा टकराव देखने को मिला था। पुलिस ने इस घटना को लेकर विधायक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। थाना परिसर में हुए इस विवाद के बाद से क्षेत्र की सियासत भी काफी गरमा गई है और पुलिस प्रशासन तथा जयराम महतो के समर्थकों के बीच राजनीतिक बयानबाजी का दौर तेज हो गया है।