बोकारो। बोकारो स्टील मामले में झारखंड हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जेएसडब्ल्यू पर्वतपुर कोल ब्लॉक प्रबंधन द्वारा स्थानीय रैयतों को नियोजन (रोजगार) नहीं दिए जाने के विरोध में 29 अक्टूबर से मुख्य द्वार के अनिश्चितकालीन बंद की घोषणा की गई थी। कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए अनुमंडल दंडाधिकारी चास प्रांजल ढांडा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा (Section 163) लागू कर दी है।
यह आदेश 29 अक्टूबर की सुबह 05 बजे से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। निषेधाज्ञा कोल ब्लॉक के मुख्य द्वार के 50 मीटर के दायरे में लागू की गई है।
जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित क्षेत्र में पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह एकत्र होने, भीड़ लगाने, जुलूस, रैली, सभा, धरना एवं प्रदर्शन करने पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इसके अलावा आग्नेयास्त्र, पारंपरिक हथियार तथा कुदाल और गैंता जैसे खुदाई के उपकरण लेकर चलने पर भी कड़ा प्रतिबंध लगाया गया है।
मुख्य द्वार के आसपास ऐसी किसी भी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे औद्योगिक कार्य, सार्वजनिक आवागमन या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और पुलिस बल को छोड़कर किसी भी अन्य व्यक्ति के अनधिकृत प्रवेश और आवागमन पर पूरी तरह रोक रहेगी।
