बोकारो। समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उपायुक्त श्री अजय नाथ झा ने सोमवार को डीएमएफटी पीएमयू तथा मीडिया मॉनिटरिंग टीम के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान डीएमएफटी पीएमयू द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं और कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

​उपायुक्त ने कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए डीएमएफटी पीएमयू को बेसलाइन सर्वे, डोर-टू-डोर एनसीडी स्क्रीनिंग, गोटरी बैंक, शिक्षा एवं स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर गैप सहित अन्य प्रमुख विषयों पर जल्द प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।

​इसके अलावा, उपायुक्त ने मीडिया मॉनिटरिंग टीम को सभी विभागों से प्रगति प्रतिवेदन प्राप्त कर उसका विश्लेषणात्मक और समेकित रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने माह के अंत तक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने को भी कहा।

​बैठक में विकास योजनाओं और मीडिया मॉनिटरिंग से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विचार-विमर्श कर दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, एपीआरओ अविनाश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।