देवघर। झारखंड सरकार और नागर विमानन विभाग के सौजन्य से विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेले के अवसर पर देवघर में संचालित की जा रही विशेष हेलीकॉप्टर सेवा के तहत एक सराहनीय पहल देखने को मिली। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की मौजूदगी में 'सरस कुंज' के दिव्यांग और स्पेशल (विशेष) बच्चों को हेलीकॉप्टर से हवाई यात्रा कराई गई।
उपायुक्त की विशेष सोच के तहत सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सरस कुंज के कुल 25 बच्चों को बारी-बारी से आसमान की सैर कराई गई। उड़ान भरते ही बच्चों के चेहरे उत्साह से खिल उठे। बच्चों ने गगन से देवघर और बाबाधाम की मनोरम वादियों का दृश्य देखा और इसे अपने जीवन का सबसे जादुई व यादगार पल बताया।
झारखंड सरकार द्वारा शुरू की गई इस हेलीकॉप्टर सेवा का मुख्य उद्देश्य वृद्धजनों, दिव्यांगों और आम नागरिकों को कम समय में सुलभ व सुरक्षित हवाई दर्शन उपलब्ध कराना है। जिला प्रशासन इस सेवा के माध्यम से न केवल धार्मिक पर्यटन को नए आयाम दे रहा है, बल्कि समाज के खास बच्चों को भी खुशियों की नई उड़ान दे रहा है।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, अंचलाधिकारी देवघर अनिल कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित सरस कुंज के संचालक, संबंधित दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
