मेदिनीनगर। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चैनपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और मरीजों को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने इलाजरत मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं, जांच सुविधाओं और उपचार को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने जांच केंद्र और लैब का निरीक्षण कर ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, रक्त जांच समेत अन्य सुविधाओं की जानकारी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से प्राप्त की।

इसके बाद उन्होंने ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण कर उपलब्ध उपकरणों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। भविष्य में आवश्यक मशीनों एवं उपकरणों की जरूरत को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और चिकित्सकों को अस्पताल की व्यवस्थाओं में और सुधार करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।