रांची। जातिगत जनगणना में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग से कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस 16 सितंबर को लोकभवन मार्च करेगी। इस प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए पार्टी ने प्रदेश के मंत्रियों, विधायकों, वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों को इसमें शामिल करने का निर्णय लिया है।
मार्च के बाद कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से जनगणना में ओबीसी की वास्तविक संख्या दर्ज करने का अनुरोध करेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि जातिगत जनगणना केवल आंकड़े जुटाने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समान अवसर और संसाधनों में न्यायपूर्ण हिस्सेदारी तय करने की कड़ी है। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी संख्या, उसकी उतनी भागीदारी" सामाजिक न्याय का मूल सिद्धांत है।बिना सही आंकड़ों के आरक्षण, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लक्षित वर्ग तक पहुंचाना कठिन है।
जब सरकार 'सबका साथ, सबका विकास' की बात करती है, तो जनगणना में पृथक कॉलम जोड़ने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। 16 सितंबर का लोकभवन मार्च केंद्र सरकार को ओबीसी समाज के अधिकारों के प्रति स्पष्ट संदेश देगा।
पेपर लीक और महंगाई पर कांग्रेस का भाजपा पर हमला
रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 सितंबर को आने वाले जन्मदिन पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे घर-घर दीया जलाकर आशीर्वाद देने के अभियान पर प्रदेश कांग्रेस ने हमला बोला है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने इस अपील को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 150 से अधिक परीक्षाओं के पेपर लीक कराकर देश के लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में धकेलने वालों के लिए दीया जलाने की बात पूरी तरह बेमानी है। भाजपा पर तंज कसते हुए राकेश सिन्हा ने कहा कि भाजपा नेताओं को ऐसी अपील करने से पहले यह देखना चाहिए कि देश में बढ़ी महंगाई और बेरोजगारी ने कितने परिवारों के घरों की रोशनी बुझा दी है।
अभिलाष साहू को कांग्रेस ने किया निलंबन मुक्त
रांची। प्रदेश कांग्रेस ने पार्टी के उपाध्यक्ष रहे अभिलाष साहू का निलंबन वापस ले लिया है। इस संबंध में पार्टी के प्रदेश महासचिव सुनीत शर्मा ने सूचना जारी कर दी है। इसमें कहा है कि 29 अगस्त को अभिलाष को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया था।इस आदेश को निरस्त किया जाता है। अब श्री साहू पहले की तरह प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन करते रहेंगे।
