जमशेदपुर। जलजमाव, गंदगी और बीमारियों के खतरे से लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से गोविंदपुर क्षेत्र में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह और समाजसेवी सतवीर बग्गा के संयुक्त प्रयास से यह अभियान निजी खर्च पर संचालित किया गया।

अभियान के दौरान जेसीबी मशीन और 10 हाइवा वाहनों की मदद से वर्षों से जमा कचरे के ढेरों को हटाया गया। सामुदायिक विकास मैदान, डबल स्टोरी, विवेक विद्यालय के समीप और एलआईजी हाउसिंग कॉलोनी समेत कई क्षेत्रों में सफाई कर कचरे का निस्तारण किया गया।

बीमारियों और मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए स्थानीय लोगों के बीच ब्लीचिंग पाउडर का भी वितरण किया गया। डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण हर नागरिक का अधिकार है। जनहित को देखते हुए सरकारी प्रक्रिया का इंतजार किए बिना यह पहल की गई और आगे भी अभियान जारी रहेगा।

इस अभियान में सत्यजीत बनर्जी, दिनेश सिंह, दिवाकर सिंह, विजय कुमार और अमित सिंह समेत कई स्थानीय लोगों ने सहयोग किया। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए टीम के प्रति आभार जताया।