रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की 14वीं परीक्षा में कथित अनियमितताओं और विवादों की जांच के लिए गुरुवार को अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) की टीम ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांंग्ते के कांके रोड स्थित आवास पर छापेमारी की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही और जांच टीम ने परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज व साक्ष्यों को खंगाला।

इससे पूर्व, 21 जुलाई को सीआईडी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई की थी। इस दौरान जेपीएससी कार्यालय और परीक्षा संचालित करने वाली एजेंसी टीडीपीएल के परिसरों समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर डिजिटल साक्ष्य व कंप्यूटर जब्त किए गए थे।

5 आरोपी भेजे गए जेल

मामले में मिले शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर सीआईडी ने 22 जुलाई को कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस सिलसिले में आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता कुमारी गुप्ता, टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मो. उस्मान, मो. एबाद और अभय कुमार तिवारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।