रामगढ़। रांची-हजारीबाग राष्ट्रीय राजमार्ग-33 स्थित चुटूपालू घाटी में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। रांची की दिशा से रामगढ़ आ रहा अखरोट के छिलके से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दूसरी ओर से आ रहे ट्रक पर पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार भी दोनों गाड़ियों की चपेट में आकर ट्रक के नीचे पूरी तरह दब गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के वक्त कार में दो लोग सवार थे, जो ट्रक के नीचे दबने के कारण भीतर ही फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को कार से सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत यह रही कि समय रहते राहत मिलने से किसी की जान नहीं गई।
दुर्घटना की वजह से चुटूपालू घाटी में दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस वजह से घंटों तक यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर धीरे-धीरे यातायात को सामान्य कराया।
