रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की मजार पर आयोजित 219वें उर्स समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने मजार-ए-अकदस पर अकीदत की चादर पेश की और झारखंड की सुख-समृद्धि, अमन-चैन, प्रगति तथा खुशहाली के लिए दुआ मांगी।
चादरपोशी के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा का जीवन और उनकी शिक्षाएं हमें प्रेम, भाईचारे, इंसानियत तथा आपसी सौहार्द की राह दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मुबारक मौके समाज में सामाजिक समरसता को और मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री ने इस पाक अवसर पर समस्त राज्यवासियों को उर्स की बधाई दी और प्रार्थना की कि राज्य में आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता की भावना सदैव बनी रहे। इस दौरान उर्स में बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद थे।
