जमशेदपुर। जनता दल (यूनाइटेड) पूर्वी सिंहभूम के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने रांची में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सरकार की आलोचना की है।

उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता, कथित अनियमितताओं की जांच और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-युवाओं की आवाज को बल प्रयोग से दबाना उचित नहीं है। सरकार को छात्रों की बात सुनकर उनकी जायज मांगों का समाधान संवाद के माध्यम से करना चाहिए।

सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठने से छात्रों का भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि शिकायतों को गंभीरता से लेकर निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध कार्रवाई करे।

उन्होंने कहा, “सरकार को छात्रों को लाठी नहीं, रोजगार और न्याय देना चाहिए।” उन्होंने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सरकार से छात्रों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही छात्र-युवाओं और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने तथा हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचने की अपील की।

सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि वे छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़े रहेंगे और सरकार से न्यायपूर्ण कार्रवाई की मांग करते रहेंगे।