चतरा। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र स्थित उड़सू गांव में रविवार दोपहर करीब 2:25 बजे बेखौफ अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चंद्रगुप्त कोल परियोजना,हजारीबाग में कार्यरत 'सुशी इंफ्रा' कंपनी के कार्यालय पर चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब आठ राउंड हवाई फायरिंग की।
इस गोलीबारी के दौरान दफ्तर में तैनात एक सुरक्षा गार्ड के हाथ में गोली लग गई। घायल गार्ड को तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटनास्थल से पुलिस को राहुल दुबे गैंग का एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसमें इस गोलीबारी की पूरी जिम्मेदारी ली गई है। आशंका जताई जा रही है कि रंगदारी और दहशत फैलाने के मकसद से इस हमले को अंजाम दिया गया है।
मामले की पुष्टि करते हुए चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि पुलिस पूरे इलाके की घेराबंदी कर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। हमलावरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
