हजारीबाग। कोर्रा थाना क्षेत्र के पीटीसी चौक के पास रविवार को दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पीड़ित महिला शिकायत दर्ज कराने कोर्रा थाना पहुंची।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला उस समय अकेली थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाश उसके पास पहुंचे और मौका पाकर गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद दोनों बदमाश तेज रफ्तार से बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और बाइक का नंबर पता लगाया जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

व्यस्त चौक पर वारदात से लोगों में आक्रोश

पीटीसी चौक हजारीबाग का व्यस्त इलाका है। दिनदहाड़े हुई चेन स्नैचिंग की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में रात्रि के साथ-साथ दिन में भी गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने की मांग की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है। उन्होंने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।