सरायकेला। गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लगाने आई एक पीड़ित महिला के साथ थाने में तैनात पुलिसकर्मी द्वारा दुष्कर्म किए जाने की एक बेहद शर्मनाक और घिनौनी घटना के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरायकेला-खरसावां जिला द्वारा गम्हरिया थाने का जोरदार घेराव किया गया और हेमंत सरकार की ध्वस्त हो चुकी महिला सुरक्षा नीति के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया गया।

इस उग्र प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह और मेयर संजय सरदार सहित कई वरिष्ठ नेता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय दिलाने,घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले दोषी पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर कठोरतम सजा देने और थानों में महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के निष्पक्ष निस्तारण हेतु महिला पुलिसकर्मियों की स्थायी तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस घटना ने एक बार फिर से पुलिस महकमे की कार्यशैली और राज्य में महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।