​रांची। राज्य की भर्ती प्रक्रियाओं में व्याप्त धांधली, अनियमितता और भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी 'भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा' आज शाम राजधानी रांची पहुंची। कल 11 सितंबर को राजधानी की सड़कों पर युवाओं का एक विशाल पैदल मार्च आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से होगी, जहां राज्यभर के छात्रों का जुटान होगा। इसके बाद यह पदयात्रा बापू वाटिका से शुरू होकर करमटोली चौक और लालपुर चौक होते हुए कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पहुंचेगी। वहां छात्र भगवान बिरसा मुंडा को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

​समाधि स्थल से आगे बढ़ते हुए यात्रा जेल मोड़ के रास्ते अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचेगी। यहां छात्र सरकार की युवा व छात्र-विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराएंगे। यह पूरी पदयात्रा लगभग सात किलोमीटर की होगी।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार का मुख्य दायित्व है। उन्होंने कहा कि यह महज एक यात्रा नहीं, बल्कि झारखंड के युवाओं के सुरक्षित भविष्य, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। राज्य के कोने-कोने से उठी युवाओं की आवाज अब राजधानी में बुलंद होगी।

गौरतलब है कि यह भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा 24 अगस्त 2026 को दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली नेमरा (रामगढ़) से शुरू हुई थी। राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करने के बाद अब राजधानी रांची पहुंचकर इसका विधिवत समापन होगा।