रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में ‘पलाश दीदी कैफ़े’ का उद्घाटन किया। इस पहल को ग्रामीण महिलाओं के हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अहम कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि यह कैफ़े न केवल झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र बनेगा, बल्कि सखी मंडलों की दीदियों को स्वरोजगार का एक स्थायी मंच भी प्रदान करेगा।
मंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को पहले प्रशिक्षण और वित्तीय सहायता दी गई, और अब उन्हें सीधा बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। ‘पलाश’ ब्रांड के तहत महिला समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार, सही पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के माध्यम से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
अगले छह महीनों के भीतर रांची में राज्य के पहले ‘पलाश मार्ट’ का उद्घाटन किया जाएगा।भगवान बिरसा जैविक उद्यान (ओरमांझी) में जल्द ही अगला पलाश दीदी कैफ़े शुरू होगा।राज्य के सभी प्रमुख संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और सरकारी आयोजनों में पलाश के उत्पादों और कैफ़े नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जेएसएलपीएस के सीईओ अनन्य मित्तल और आईएएस अधिकारी अंजलि यादव समेत विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
