​धनबाद। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र स्थित ढांगी बस्ती (चटनियां पुल के समीप) के जंगलों में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक लगभग 30 वर्षीय अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कातिलों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए महिला का सिर काटकर प्लास्टिक के बोरे में बंद कर दिया था, जबकि धड़ जंगल में दूसरे स्थान पर फेंक दिया था।

घटना का खुलासा तब हुआ जब स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शौच के लिए जंगल की ओर गया था। झाड़ियों में महिला का पैर उपलाता देख उसने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। इसके बाद स्थानीय निवासी आशीष महतो ने तत्काल बलियापुर थाना पुलिस को सूचित किया।

घटनास्थल से अगरबत्ती और अन्य पूजा सामग्री बरामद हुई है, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों में 'कथित नरबलि' को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शव की हालत और पूजा सामग्री की मौजूदगी से इलाके में दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी शामिल किया गया है।

एएसआई अशोक कुमार के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी गई है। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि महिला स्थानीय थी या उसे कहीं बाहर से लाकर यहां अंजाम दिया गया।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूजा सामग्री मिलने के आधार पर अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। नरबलि की पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या की असली वजह का खुलासा हो सकेगा।