राँची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के माननीय मंत्री श्री योगेंद्र प्रसाद ने आज (11 सितंबर 2026) नेपाल हाउस स्थित विभागीय कॉन्फ्रेंस हॉल में धनबाद अंचल अंतर्गत तेनुघाट बहु-ग्रामीण जलापूर्ति एवं एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की व्यापक समीक्षा बैठक की। बैठक में विशेष रूप से गोमिया विधानसभा क्षेत्र की जलापूर्ति योजनाओं की भौतिक प्रगति, भुगतान स्थिति और क्रियाशील घरेलू नल संयोजन के आंकड़ों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान योजनाओं की धीमी गति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए माननीय मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य स्तर से एक उच्चस्तरीय टीम गठित कर सभी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराया जाए। जिन योजनाओं का काम अब तक ठप है, उनमें हर हाल में 15 दिनों के भीतर काम शुरू कराने का आदेश दिया गया है।
मंत्री ने कहा कि निर्धारित 15 दिनों में कार्य प्रारंभ न करने वाले ठेकेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही तय कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गोमिया विधानसभा में घरेलू नल संयोजन की स्थिति:
चन्द्रपुरा: 88.10% (11,162 घरों में से 9,834 नल जल युक्त)
पेटरवार: 68.79% (32,687 घरों में से 21,799 नल जल युक्त)
गोमिया: 66.79% (52,689 घरों में से 35,191 नल जल युक्त)
नावाडीह: 54.22% (26,625 घरों में से 14,437 नल जल युक्त)
कसमार: 40.37% (18,574 घरों में से 7,499 नल जल युक्त)
कसमार ग्रामीण योजना में पूर्व समीक्षा (05.02.2025) की तुलना में भौतिक प्रगति 70% से बढ़कर 81% और भुगतान 93% तक पहुँच गया है, हालांकि समग्र गति को और तेज़ करने को कहा गया है।
मंत्री ने अधिकारियों को केवल कागजी रिपोर्ट के बजाय क्षेत्र भ्रमण कर धरातल पर काम का सत्यापन करने तथा ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर ग्रामीण परिवार को सुरक्षित और नियमित पेयजल उपलब्ध कराना है। मंत्री महोदय ने साफ किया कि इस जनहित के कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में जल जीवन मिशन के अभियान निदेशक, अभियंता प्रमुख, मुख्य अभियंता,मुख्य अभियंता,धनबाद के अधीक्षण अभियंता सहित चास एवं तेनुघाट प्रमंडल के कार्यपालक, सहायक और कनीय अभियंता उपस्थित रहे।
