चतरा। एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर गुरुवार देर शाम चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सिमरिया थाना क्षेत्र के सबानो-केन्दु रोड स्थित रानी पोखर के पास छापेमारी कर 975 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।शुक्रवार को सिमरिया अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सबानो-केन्दु रोड स्थित रानी पोखर के पास कुछ लोग अवैध रूप से अफीम की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। सूचना के आधार पर तत्काल छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सबानो गांव निवासी गुलचंद साव (49) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर 975 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। मामले में सिमरिया थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छापेमारी दल में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, पुअनि सह थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता समेत सिमरिया थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।