रामगढ़ । जेएसएससी एवं जेपीएससी से जुड़ी कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराने और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर भाजपा की रामगढ़ जिला इकाई ने शुक्रवार को विशाल विरोध प्रदर्शन किया। पहले चरण के इस आंदोलन के अंतिम दिन आज ख्ूांटी में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, गोड्डा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, लोहरदगा में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, समीर उरांव गिरिडीह में, रविंद्र राय जामताड़ा में अौर नीरा यादव देवघर में आंदोलन का नेतृत्व किया। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सनशाइन बैंक्वेट हॉल से समाहरणालय तक पैदल मार्च निकाला। इसके बाद डीसी-एसपी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के अंत में उपायुक्त को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि रोजगार की उम्मीद लगाए बैठे झारखंड के युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा छात्रों के अधिकार और न्याय की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने सरकार पर युवाओं की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए छात्रों को न्याय देने की मांग की। जिला प्रभारी सुरेंद्र कुमार महतो ने कहा कि छात्रहित से जुड़े मुद्दों पर भाजपा किसी भी परिस्थिति में पीछे नहीं हटेगी। प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि यह आंदोलन झारखंड के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की लड़ाई है। उन्होंने जेएसएससी एवं जेपीएससी से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है तो उसे सीबीआई जांच से पीछे नहीं हटना चाहिए।
जिला महामंत्री जगेश्वर प्रजापति ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन रामगढ़ ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपा देवी ने किया।
प्रदर्शन में पूर्व जिला अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार गुप्ता, चंद्रशेखर चौधरी, प्रिया करमाली, रणंजय कुमार उर्फ कूंटू बाबू, डॉ. संजय प्रसाद सिंह, इलारानी पाठक, बलराम महतो, रिद्धि राज, रेखा देवी, किरण देवी, रमेश करमाली, शिव कुमार महतो, बबलू साव, रीति श्रीवास्तव, अशोक कुमार सोनी, सुनील प्रसाद, मनोज कुमार महतो, राजीव पामदत्त, भीमसेन चौहान, संतोष शर्मा, प्रवीण कुमार सोनू, दिनेश प्रसाद, राजीव जायसवाल, विजय जायसवाल, सरदार अनमोल सिंह, शीतल सिंह, सुनीता देवी, मंडल अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, संजय साह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला कार्यकर्ता मौजूद थीं।
