रांची/नई दिल्ली। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं में नयी तकनीकों के प्रयोग और अन्य सुविधाओं को बढ़ाने के लिए जर्मनी और ओमान जैसे देशों की मदद ली जायेगी। इसके लिए इन देशों के साथ राज्य सरकार जल्द ही समझौता करेगी। नयी दिल्ली में गुरुवार को भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित विभागीय अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
इस कार्यक्रम में 32 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने-अपने देशों की अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीक, आधुनिक मेडिकल उपकरण, डिजिटल हेल्थ एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में विकसित हो रही तकनीकों का प्रदर्शन किया। मौके पर इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की पुरानी और घिसी-पिटी स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि भारत मंडपम में ओमान सहित कई देशों के प्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सहयोग को लेकर महत्वपूर्ण बातचीत हुई है। ओमान के साथ जल्द स्वास्थ्य एवं मेडिकल क्षेत्र में टाई-अप करने की दिशा में काम किया जाएगा। ओमान में तैयार हो रही आधुनिक कैंसर की दवाइयों एवं उपचार से जुड़ी तकनीक को झारखंड तक लाने की संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। जर्मनी के रोबोटिक टेक्नोलॉजी को खास बताते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि इस देश की सिमंस कंपनी के साथ रोबोटिक टेक्नोलॉजी एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों को लेकर विशेष स्तर पर बातचीत की जाएगी। जनवरी में इस दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा प्रस्तावित है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले समय में झारखंड में बड़ा मेडिकल एंड हेल्थ टेक्नोलॉजी कन्क्लेव आयोजित करने की दिशा में काम किया जाएगा। इसमें देश-विदेश की मेडिकल कंपनियों, डॉक्टरों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, शोध संस्थानों और हेल्थ टेक्नोलॉजी विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा।
