​नई दिल्ली/रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की चिकित्सा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और इसे 'मेडिकल एंड हेल्थ टेक्नोलॉजी हब' के रूप में विकसित करने का संकल्प जताया है। शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रदर्शनी में शामिल होकर उन्होंने 32 देशों की अत्याधुनिक चिकित्सा तकनीकों का अध्ययन किया और विशेषज्ञों से गहन चर्चा की।

​सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी यात्रा का विवरण साझा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय मेले में उन्हें एआई ,रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम, उन्नत एमआरआई व सीटी स्कैन और कैंसर की नई जीवनरक्षक दवाओं से जुड़ी तकनीकों को करीब से देखने का मौका मिला।

​ उन्होंने कहा कि ओमान और जर्मनी के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में संभावित एमओयू की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, जिससे राज्य को वैश्विक विशेषज्ञता मिल सके।

​ अत्याधुनिक तकनीकों के आने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का शुरुआती चरण में पता लगाना और सटीक इलाज करना आसान होगा।

​डॉ अंसारी ने कहा है कि दीर्घकालिक लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि झारखंड के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

​आलोचकों को जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली प्राथमिकता राज्य की जनता की सेहत और सुरक्षा है। तकनीक और बेहतर दवाओं के माध्यम से झारखंड के स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।