रांची। अशोक नगर (रोड नंबर 05) स्थित गोपाल मोहन मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स में गोपाल मोहन गणेश पूजा समिति द्वारा अपनी स्थापना के पांचवें वर्ष के अवसर पर पांच दिवसीय भव्य गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव 14 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक चलेगा।
समिति के पदाधिकारियों के अनुसार इस धार्मिक आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में श्रद्धा, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करना है। पांच दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ-साथ कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के कार्यक्रमों के तहत
14 सितंबर को कलश स्थापना, भव्य पंडाल का शुभारंभ, महाआरती एवं प्रसाद वितरण,15 सितंबर को रुद्राभिषेक, भजन संध्या एवं प्रसाद वितरण,16 सितंबर को महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण,17 सितंबर को उज्जैन के भोले बाबा महाकाल की तर्ज पर विशेष भस्म आरती एवं महाप्रसाद वितरण और 18 सितंबर को हवन, विशेष महाप्रसाद वितरण एवं भव्य विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।
पूजा समिति के अध्यक्ष राजू सिंह, महासचिव अमित कुमार मिश्रा, संस्थापक पंकज कुमार, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष विकास कुमार चौबे और मीडिया सलाहकार शिव किशोर शर्मा ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, गणमान्य नागरिकों एवं आम जनता से सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
