बोकारो। चास थाना क्षेत्र में घरों की खिड़की तोड़कर ज्वेलरी, नकदी और मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई, 11 अगस्त और 15 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोरों ने घरों की खिड़की तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बोकारो एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक, सदर चास वेदांत शंकर के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौतम बाउरी उर्फ मिरीण्डा (22), राहुल कुमार बाउरी (19), रवि कुमार पाण्डेय (24), प्रिंस कुमार उर्फ कृष (19), अमन राज उर्फ मनीष कुमार (32) और कृष्णा कुमार पॉल (25) के रूप में हुई है। सभी आरोपी चास थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले बताए गए हैं। आरोपियों के पास से सोने जैसा सात कंगन, 3.50 ग्राम का पिघला हुआ सोने जैसा धातु का टुकड़ा, लोहे का चापड़, छोटा इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, सात मोबाइल फोन और पांच रुपये के 12 नोट यानी कुल 60 रुपये नकद बरामद किए हैं।
