बोकारो। सेक्टर-1सी स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में बुधवार को सिंदूर खेला के साथ मां दुर्गा को भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान महिलाओं ने मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर सुख, समृद्धि और सौभाग्य की कामना की। महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर अखंड सौभाग्य और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की। पूरे माहौल में भक्ति, उल्लास और भावुकता का संगम देखने को मिला।

नवरात्र का पर्व शक्ति की उपासना, बुराई पर अच्छाई की जीत और नारी शक्ति के सम्मान का संदेश देता है। नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना के बाद विजयादशमी पर मां को विदाई देने की परंपरा निभाई जाती है। सिंदूर खेला इसी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो महिलाओं के सौभाग्य, प्रेम, आपसी सद्भाव और मंगलकामना का प्रतीक माना जाता है।

पूजा कमेटी के सदस्य पवन कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर भी है। मां दुर्गा की आराधना से लोगों को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख-शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

सिंदूर खेला के बाद श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की प्रार्थना की।