बोकारो। दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (डीवीसी) के बोकारो थर्मल पावर प्लांट से 500 मेगावाट बिजली का उत्पादन पूरी तरह बंद हो गया है। शुक्रवार शाम बॉयलर के ट्यूब में लीकेज की समस्या सामने आने के बाद एहतियातन प्लांट से उत्पादन रोक दिया गया।
मुख्य महाप्रबंधक सह परियोजना प्रमुख सुशील कुमार अरजरिया ने बताया कि क्षतिग्रस्त बॉयलर ट्यूब की मरम्मत का काम युद्ध स्तर पर जारी है। प्रबंधन का लक्ष्य सोमवार तक मरम्मत कार्य पूरा कर पुनः बिजली उत्पादन शुरू करने का है।
उत्पादन बंद रहने से डीवीसी को प्रतिदिन लगभग 5.71 करोड़ रुपये का सीधा नुकसान हो रहा है। झारखंड, पंजाब और दिल्ली जैसे उपभोक्ता राज्यों को समझौते के तहत बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए डीवीसी को अन्य कंपनियों से महंगे दामों पर बिजली खरीदनी पड़ेगी। इस प्लांट से झारखंड के कई जिलों, सीसीएल और रेलवे के अलावा अन्य राज्यों को भी बिजली भेजी जाती है। उत्पादन ठप होने से अगले कुछ दिनों तक इन क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा सकता है।
