गुमला। पालकोट थाना क्षेत्र के कैम्बा डूमर टोली स्थित एक तालाब से शुक्रवार की सुबह 41 वर्षीय सचिन कांत राम का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद हुआ। मृतक नाथपुर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार सचिन कांत राम गुरुवार की रात कुछ लोगों के साथ खाने-पीने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में उसका शव देखकर पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मृतक की मां सरिता देवी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव को तालाब में फेंका गया है। पालकोट थाना प्रभारी अंकित राज ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।