रामगढ़। कुजू स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट लिमिटेड में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। प्लांट की फर्नेस (भट्ठी) में अचानक हुए जोरदार ब्लास्ट से वहां काम कर रहे नौ से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रबंधन और साथी कर्मचारियों की मदद से सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए रामगढ़ रोड स्थित होप अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि हादसे में झुलसे नौ मजदूरों को इलाज के लिए लाया गया है। इनमें से दो की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया है। घायलों में राजेंद्र महतो (हजारीबाग), कुंजीलाल रविदास (अराकांटा, रामगढ़), धनंजय सिंह (पटना), परमेश्वर महतो (नवाटार, रामगढ़), संजय प्रसाद (रांची रोड, रामगढ़), विजय यादव (दरभंगा, बिहार), राजेंद्र महतो (चटाक, रामगढ़), रितेश राणा (शिवपुरी, हजारीबाग) और रमेश ठाकुर (नईसराय, रामगढ़) शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे। हादसे को लेकर मजदूरों और परिजनों में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि प्लांट में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाते हैं और सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

मजदूरों का यह भी दावा है कि इससे पहले भी प्लांट में हादसे हो चुके हैं।

फिलहाल, फर्नेस में ब्लास्ट किस वजह से हुआ,यह किसी तकनीकी खराबी का नतीजा था, रखरखाव में कमी थी या मानवीय भूल—यह आधिकारिक जांच के बाद ही साफ हो पाएगा।