मेदिनीनगर (पलामू)। झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा का आयोजन किया गया। शिवाजी मैदान से शुरू होकर कचहरी परिसर तक पहुंची इस पदयात्रा में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और भाजपा की राज्य सह-प्रभारी निवेदिता सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।

पदयात्रा के समापन पर कचहरी परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।

संसद और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर बोलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद संसद में जनता की आवाज उठाते हैं, लेकिन विपक्षी दल मॉक पार्लियामेंट चलाकर लोकतंत्र का मजाक बना रहे हैं और इसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता लोकतंत्र का अनादर करने वालों को सबक सिखाएगी।

श्री मुंडा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए उन्होंने शक्तियों का दुरुपयोग किया और देश के विकास पर ध्यान नहीं दिया। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है, तब देश में अराजकता फैलाने की साजिश रची जा रही है।

पदयात्रा के दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा की राज्य सह-प्रभारी निवेदिता सिंह ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि कोई गरीब का बेटा सत्ता में बना रहे। जब-जब कांग्रेस सत्ता से बाहर होती है, देश में अस्थिरता और अराजकता पैदा करने का प्रयास करती है।

चुनाव प्रणाली पर बोलते हुए निवेदिता सिंह ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस चुनाव जीतती है, वहां बैलेट पेपर की मांग नहीं करती, लेकिन जहां हार मिलती है, वहां ईवीएम पर सवाल उठाकर बैलेट से चुनाव कराने की रट लगाने लगती है। आज देश को आगे बढ़ता देख विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है और वे भारत को बांग्लादेश व पाकिस्तान जैसी स्थिति में धकेलना चाहते हैं।

मेदिनीनगर में निकली इस पदयात्रा में पलामू सांसद विष्णु दयाल राम, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, मेयर अरुणा शंकर, भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व सांसद घूरन राम और पूर्व विधायक पुष्पा देवी सहित कई प्रमुख नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।