रांची। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि झामुमो-कांग्रेस गठबंधन ने भोले-भाले आदिवासियों को भ्रमित और छल कर चुनाव में जीत हासिल की है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कोर कमेटी की बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में आदिवासी समाज का पूर्ण विश्वास एक बार फिर भाजपा के साथ होगा।
झारखंड दौरे पर पहली बार पहुंचे गजेंद्र सिंह पटेल ने अपने प्रवास की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलीहातु जाकर उन्हें नमन करने से की।
श्री पटेल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल से लेकर अब तक भाजपा ने आदिवासियों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अलग आदिवासी आयोग का गठन हुआ और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाने की शुरुआत हुई।
उन्होंने कहा कि 2019 से चल रही जेएमएम-कांग्रेस-राजद गठबंधन सरकार ने अपने घोषणापत्र का एक भी वादा धरातल पर पूरा नहीं किया है। राज्य में जमीन, जंगल और खनिज की खुली लूट मची हुई है।
जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के कारण लाखों युवाओं का भविष्य अधर में है, जिससे राज्य के युवाओं में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है।झारखंड में अवैध घुसपैठ एक गंभीर समस्या बन चुकी है और वर्तमान सरकार इसमें सहयोगात्मक भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लूट, अपहरण, बलात्कार और जमीन से जुड़े अपराध आम हो चुके हैं। जहां भी भाजपा की सरकारें हैं, वहां अपराध पर लगाम लगाकर चौतरफा विकास किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" के मंत्र के साथ भाजपा जन-आंदोलनों के जरिए राज्य सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी।
इससे पूर्व, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह व निवेदिता सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, केंद्रीय राज्यमंत्री संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, संगठन महामंत्री पवन साय, भानु प्रताप शाही, समीर उरांव, अमर कुमार बाउरी और अनंत ओझा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।
