जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर 21 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।
एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत 21 सितंबर की रात पीएम मॉल के पास चोरी की स्कूटी के साथ दो संदिग्धों को पकड़ा गया था। कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने बागबेड़ा, पोटका और कोवाली क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर गिरोह के अन्य सदस्यों को धर दबोचा और बड़ी संख्या में वाहन जब्त किए।
जांच में सामने आया है कि यह गिरोह जुबली पार्क, नेचर पार्क, पीएम मॉल और नॉर्थ पार्किंग जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से गाड़ियां चुराता था। आरोपी पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट बदल देते थे और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों तथा पड़ोसी राज्य ओडिशा में बेच देते थे। पुलिस फिलहाल वाहनों के इंजन व चेचिस नंबर का सत्यापन कर रही है और गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क को खंगाल रही है।
