बोकारो। स्टील सिटी के राम मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा व्यास गोविंद कृष्ण जी महाराज ने भक्त प्रह्लाद चरित्र, गजेंद्र मोक्ष और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का मार्मिक वर्णन किया।
कथा व्यास ने कहा कि प्रह्लाद के जीवन से सीख मिलती है कि सच्ची श्रद्धा और ईश्वर में विश्वास रखने वाला व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थितियों को पार कर सकता है। वहीं गजेंद्र मोक्ष प्रसंग के माध्यम से उन्होंने बताया कि सच्चे मन से पुकारने पर भगवान अपने भक्त की रक्षा के लिए अवश्य आते हैं।
जैसे ही कथा में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग आया, पूरा पंडाल 'जय कन्हैया लाल की' के जयकारों से गूंज उठा। कथा व्यास ने भागवत को मानव जीवन को सही दिशा देने वाला ज्ञान का स्रोत बताते हुए लोगों से सत्य, करुणा और सदाचार अपनाने का आह्वान किया।
