रामगढ़। जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजनों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण पतरातू डैम, भैरवा जलाशय समेत विभिन्न जलाशयों, नदियों और नालों में जलस्तर एवं जलप्रवाह बढ़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे डैम, जलाशयों, गहरे तालाबों, नदियों, प्राकृतिक जलस्रोतों और जलभराव वाले स्थानों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं। जलप्रवाह कम या सामान्य दिखाई देने पर भी किसी तरह का जोखिम न लें और सुरक्षा को प्राथमिकता दें। प्रशासन ने कहा कि बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में लोग अपने और परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। बच्चों को विशेष रूप से डैम, नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकें। सभी अंचल अधिकारियों को संबंधित थाना प्रभारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर जलस्रोतों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आज खास
विशेष
