रांची। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर आदिवासी भूमि पर अवैध कब्जे और इसमें पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों की कथित संलिप्तता को लेकर आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे गए एक शिकायत पत्र में राज्य के आई.जी. (प्रोविजन) पंकज कंबोज पर सी.एन.टी. एक्ट का उल्लंघन कर खतियानी आदिवासी भूमि अवैध रूप से अपने परिजन के नाम कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
श्री मरांडी ने लिखा है कि शिकायतकर्ता अनुराग उराँव द्वारा सौंपे गए पत्र और संलग्न म्यूटेशन दस्तावेजों के अनुसार, यह मामला रांची जिले के कांके अंचल स्थित मौजा-चामा का है। आरोप है कि खाता संख्या-120, भाग-2, प्लॉट संख्या-1054 (हल्का-3) स्थित भूमि, जो मूल रूप से खेदुवा उराँव के नाम पर दर्ज खतियानी आदिवासी जमीन है, उसे आई.जी. पंकज कंबोज ने अपने पिता प्रेम कुमार कंबोज के नाम पर अवैध तरीके से खरीदा और नामांतरित (म्यूटेशन) कराया।
पत्र में यह भी दावा किया गया है कि इस संपत्ति के हस्तांतरण में बड़े पैमाने पर काले धन का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा, हाल ही में गिरफ्तार किए गए भू-माफिया कमलेश कुमार को भी उक्त अधिकारी का संरक्षण प्राप्त होने की बात कही गई है।
उन्होंने अपने शिकायत पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की है कि सी.एन.टी. एक्ट के उल्लंघन और पद के दुरुपयोग के मामले को गंभीरता से लेते हुए आई.जी. पंकज कंबोज को वर्तमान पद से तत्काल निलंबित किया जाए।
उनके द्वारा खरीदी गई सभी संपत्तियों की निष्पक्ष जांच के लिए मामले को सीबीआई या एसीबी जैसी स्वतंत्र एजेंसियों को सौंपा जाए।
