​रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित उनके आवासीय कार्यालय में भारत (कोलकाता) में ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य झारखंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूती देना और विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक साझेदारी को बढ़ावा देना था।

​इस मुलाकात के दौरान दोनों के बीच राज्य में विकास की संभावनाओं और आपसी सहयोग पर विस्तृत चर्चा हुई। बातचीत के दौरान​ शिक्षा एवं कौशल विकास के क्षेत्र में झारखंड के युवाओं के लिए शिक्षा के नए अवसर पैदा करने और स्किल डेवलपमेंट में सहयोग के बारे में चर्चा हुई। खनिज संपन्न राज्य होने के नाते इस क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी और नई तकनीकों का आदान-प्रदान पर आगे काम करने पर जोर दिया गया।

​राज्य में ऑस्ट्रेलियाई निवेश को आकर्षित करने के साथ-साथ खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्रों में परस्पर सहयोग पर सकारात्मक चर्चा हुई।

​इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार तथा ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल (कोलकाता) की वरिष्ठ अनुसंधान एवं भ्रमण अधिकारी एंजेलीना नायर भी मौजूद थीं।

इधर, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से आज लोक भवन में ऑस्ट्रेलिया के महावाणिज्यदूत (कॉन्सुल जनरल)बर्नार्ड लिंच ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के साथ-साथ झारखण्ड के पर्यटन, संस्कृति, शिक्षा एवं कौशल विकास सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।