मेदिनीनगर। चैनपुर थाना परिसर में आपराधिक मामलों में जेल से रिहा हुए 117 व्यक्तियों की थाना परेड कराई गई। इस दौरान एसपी कपिल चौधरी ने उपस्थित लोगों से बातचीत कर उनकी वर्तमान गतिविधियों का जायजा लिया। एसपी ने सभी को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने और शांतिपूर्ण जीवन जीने की नसीहत दी। इनमें आर्म्स एक्ट के तहत 33 व्यक्ति,हत्या के मामले में 26 व्यक्ति,लूटकांड में शामिल 15 व्यक्ति और चोरी: के मामले में 15 व्यक्ति और अन्य मामले में शामिल रहे 28 व्यक्ति शामिल है।
एसपी ने कहा कि अपराध का रास्ता न केवल संबंधित व्यक्ति, बल्कि उसके पूरे परिवार के भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने सभी को कानून का पालन करने और अपने परिवार व समाज के प्रति जिम्मेदारियां निभाने की सीख दी।
साथ ही चेतावनी देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि थाना परेड का मुख्य उद्देश्य जेल से छूटे व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखना और उन्हें अपराध से दूर कर बेहतर नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस अधिकारी राजेश कुमार यादव, थाना प्रभारी लालजी, चैनपुर थाना के पुलिस अधिकारी, जवान, चौकीदार और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
