देवघर। झामुमो जिला कमेटी की ओर से दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि पर उनके योगदान को याद दिया गया। इस अवसर पर मंगलवार को देवघर एयरपोर्ट मोड़ पर राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन ने गुरुजी की आदमकदम प्रतिमा का अनावरण किया। मौके पर सारठ विधायक उदयशंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, डीसी सौरभ कुमार भुवानिया, एसपी प्रवीण पुष्कर, डीडीसी पीयूष कई गणमान्य लोग मौजूद थे। मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री हफीजुल ने कहा कि जिस मोड़ पर गुरुजी की प्रतिमा स्थापित की गई है, उस चौक का नाम वीर शिबू सोरेन चौक रखा जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है। साथ ही गुरुजी की पुण्यतिथि के दिन प्रतिमा स्थल पर झामुमो की ओर से हर साल मेला भी लगाया जाएगा। मेला का स्वरूप क्या होगा, कितने दिन चलेगा, यह झामुमो जिला कमेटी तय करेगी। मंत्री ने कहा कि गुरुजी के बताये रास्तों पर चलकर जल, जमीन, जंगल को बचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शोषित, वंचित, दबे-कुचलों की आवाज बनकर उनके हक-हकूक की लड़ाई लड़ें। गुरुजी शिक्षा को लेकर काफी गंभीर थे। इसलिए हमलोगों का भी कर्तव्य हो जाता है कि अपने आस-पड़ोस में शिक्षा को बढ़ावा दे। क्योंकि जबतक पढ़ेंगे नहीं, तब तक आगे बढ़ेंगे नहीं। कार्यक्रम में झारखंड आंदोलनकारी चिह्नितीकरण आयोग के सदस्य नरसिंह मुर्मू, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, मेयर रवि राउत, वरिष्ठ नेता परिमल सिंह उर्फ भूपेन सिंह, सुरेश साह, अजय नारायण मिश्रा, लड्डू नरौने, जैक के पूर्व पार्षद नौशाद, डिप्टी मेयर टिप चटर्जी, पूर्व जिप सदस्य महेंद्र यादव, कांग्रेस नेता दिनेश मंडल, झामुमो के नगर अध्यक्ष सह पार्षद प्रदीप चौधरी, श्री सिंह, दिलावर हुसैन, जिला सचिव दिनेश्वर किस्कू, प्रकाश पांडेय समेत कई लोग मौजूद थे।