रांची/जमशेदपुर। आजसू पार्टी के युवा प्रकोष्ठ द्वारा आगामी 7 और 8 अगस्त को जमशेदपुर में आयोजित होने वाले दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा अधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम को ऐतिहासिक और उद्देश्यपूर्ण बनाने के लिए संगठन स्तर पर व्यापक रणनीतियां बनाई जा रही हैं। 7अगस्त को उद्घाटन सत्र टाउन हॉल में और 8अगस्त को खुला सत्र गणेश पूजा मैदान में होगा।
इस अधिवेशन में झारखंड के सभी जिलों से बड़ी संख्या में युवा प्रतिनिधियों की भागीदारी तय की गई है।
अधिवेशन के पहले दिन की शुरुआत वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रगान के साथ होगी। इसके बाद आयोजित विषयगत सत्रों में झारखंड आंदोलन की विरासत, युवाओं की भूमिका, वर्तमान चुनौतियों और राज्य के भविष्य की दिशा पर गहन मंथन किया जाएगा।
वहीं, दूसरे दिन का शुभारंभ अमर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित कर होगा। इसके बाद आयोजित खुले सत्र में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व, जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी और युवा प्रतिनिधि राज्य व देश से जुड़े समसामयिक मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे। अधिवेशन का समापन 'युवा संकल्प' और विभिन्न महत्वपूर्ण प्रस्तावों के पारित होने के साथ किया जाएगा।
आजसू पार्टी ने राज्य के सभी जिला व प्रखंड पदाधिकारियों सहित युवा कार्यकर्ताओं से समय पर जमशेदपुर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। पार्टी का मानना है कि यह अधिवेशन झारखंड के युवाओं के विचारों, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक शक्ति को एक नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।
