अमित झा
रांची। झारखंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों और योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। राज्य में वित्तीय पारदर्शिता, बेहतर मॉनिटरिंग और सटीक सूचनाओं के आदान-प्रदान के उद्देश्य से 'एनएचएम गुरुजी', 'एनएचएम मित्र' और 'सहिया ऐप' जैसे नए डिजिटल प्लेटफॉर्म विकसित किए जा रहे हैं।
'एनएचएम गुरुजी' टूल का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत होने वाले वित्तीय व्यय की रियल-टाइम निगरानी करना है। इस ऐप के जरिए प्रखंड स्तर तक जारी किए गए बजट और उसके उपयोग की स्थिति स्पष्ट रूप से देखी जा सकेगी। पहले आवंटित राशि के इस्तेमाल की समीक्षा में लंबा समय लगता था, लेकिन अब इस व्यवस्था से कार्यों में देरी या लापरवाही पर तुरंत जवाबदेही तय की जा सकेगी। इसके आधार पर सही समय पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर निर्धारित लक्ष्यों को आसानी से हासिल किया जा सकेगा।
'एनएचएम मित्र' एप्लीकेशन को स्वास्थ्यकर्मियों और आम नागरिकों—दोनों की सहूलियत को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इस ऐप के माध्यम से एनएचएम की गाइडलाइंस, सेवा नियम,अवकाश के प्रावधान, कार्य अवधि, टीबी से जुड़े विशेष प्रावधानों और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रमाणिक जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। केंद्र व राज्य सरकार द्वारा जारी अध्यादेशों और निर्देशों की तुरंत उपलब्धता से अनावश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य प्रणाली की जमीनी कड़ी 'सहिया' के कार्यों को सुगम बनाने के लिए 'सहिया ऐप' की शुरुआत की जा रही है। इसके माध्यम से उनके रोजाना के कार्यों की मॉनिटरिंग, क्षेत्र में आ रही व्यावहारिक समस्याओं और उनके प्रयासों के परिणामों का आसानी से आकलन किया जा सकेगा।
एनएचएम के राज्य निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि डिजिटल तकनीक और एआई का यह प्रयोग सही जानकारी तक पहुंच को आसान बनाएगा। यह कदम वित्तीय पारदर्शिता बढ़ाने, जिलों के प्रदर्शन की प्रभावी ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इन सभी डिजिटल टूल्स की सफलता और स्वास्थ्य क्षेत्र में इसके दूरगामी सकारात्मक परिणामों की उम्मीद जताई।
