गढ़वा। बरडीहा प्रखंड के जतरो बंजारी गांव में वर्षों से बंद पड़े महादलित (भुइयां टोला) के रास्ते का विवाद आखिरकार सुलझ गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सह अंचल अधिकारी (सीओ) प्रवीण कुमार सिंह 13 किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचकर मामले का समाधान कराया। जानकारी के अनुसार, महादलित भुइयाँ टोला के ग्रामीणों ने जनता दरबार में आवेदन देकर वर्षों से बांस-बल्ली लगाकर बंद किए गए रास्ते को खुलवाने की मांग की थी। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह गांव पहुंचे और संबंधित पक्ष से रास्ता खोलने का आग्रह किया। हालांकि, आरोपी दबंग परिवारों ने बांस-बल्ली हटाने से साफ इनकार कर दिया और विवाद बढ़ने लगा। स्थिति को देखते हुए सीओ ने तत्काल बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह को सूचना देकर पुलिस बल बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों को समझाकर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया और वर्षों से बंद रास्ता खुलवा दिया गया। इस कार्रवाई से भुइयाँ टोला के करीब 40 महादलित परिवारों को बड़ी राहत मिली। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित पहल की सराहना करते हुए बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह और पुलिस प्रशासन का आभार जताया। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों ने जनहित और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताया। वर्षों पुराने विवाद के समाप्त होने से अब महादलित टोले के लोगों का आवागमन सुगम हो गया है।
