रांची। जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली के विरोध में रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्रों का आंदोलन आज 13वें दिन भी जारी रहा। सरकार से मिले वार्ता के प्रस्ताव के बाद आंदोलनकारी छात्रों ने अपने प्रतिनिधिमंडल की सूची जारी कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक सरकार की ओर से बैठक के समय और स्थान की आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। इस बीच विरोध दर्ज कराने के लिए छात्रों ने स्टेडियम परिसर में ही रात को मोबाइल टॉर्च और फ्लैशलाइट जुलूस निकाला।
छात्रों की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रतिनिधिमंडल में रविन्द्र पासवान,पीयूष कुमार सिंह, रविन्द्र कुमार रवि, राजेश प्रसाद, नीतू कुजूर, कार्तिक सोरेन, अंकित कुमार और शालू सिंह शामिल हैं।
छात्रों ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूरी तरह अभ्यर्थियों का है, इसलिए सरकार के समक्ष सभी मांगें, तथ्य और सुझाव केवल यही 8 प्रतिनिधि रखेंगे। वार्ता में किसी अन्य बाहरी व्यक्ति को बोलने का अधिकार नहीं होगा।
मार्गदर्शक के रूप में रहेंगे वरिष्ठ पत्रकार और कानूनविदः प्रतिनिधिमंडल में अभिभावक और मार्गदर्शक की भूमिका में रांची प्रेस क्लब के अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी, वरिष्ठ पत्रकार विकास वर्मा और कानूनविद अजीत कुमार को शामिल किया गया है। छात्रों के अनुसार, ये सभी केवल मार्गदर्शन और नैतिक समर्थन के लिए मौजूद रहेंगे और वार्ता प्रक्रिया में सीधे हस्तक्षेप नहीं करेंगे।
आंदोलनकारियों ने शर्त रखी है कि वे किसी बंद कमरे में सरकार से बात नहीं करेंगे। चूंकि यह मामला लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा है, इसलिए बैठक पूरी तरह पारदर्शी और मीडिया की मौजूदगी में होनी चाहिए ताकि राज्य की जनता और अभ्यर्थी पूरी प्रक्रिया को सीधे देख सकें।
देवेंद्रनाथ महतो गुट को नहीं मिला न्योताः स्टेडियम में ही 'झारखंड क्रांतिकारी लोकतांत्रिक मोर्चा' के बैनर तले सत्याग्रह कर रहे देवेंद्रनाथ महतो गुट को सरकार की ओर से वार्ता का न्योता नहीं मिला है। इस पर देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि वे फिलहाल सरकार के रुख का इंतजार कर रहे हैं।
