बोकारो। बोकारो स्टील प्रबंधन ने बोकारो शहर की सुरक्षा की जिम्मेदारी निजी सुरक्षा एजेंसी को देने का निर्णय लिया है। यह निर्णय शहर में बड़े पैमाने पर हो रहे जमीन अतिक्रमण, पानी की चोरी, बिजली की चोरी को देखते हुए लिया जा रहा है। निजी सुरक्षा एजेंसी को आवेदन करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर निर्धारित की गई है। निजी सुरक्षा एजेंसी बोकारो स्टील के मुख्य महाप्रबंधक नगर प्रशासन के अधीन काम करेंगे एवं नियंत्रण अधिकारी बोकारो स्टील के अधिकारी होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार बोकारो स्टील प्रबंधन ने पूर्व सैनिक द्वारा संचालित तथा विशेष अनुभव वाले एजेंसी को कम देने का मन बनाया है। निजी सुरक्षा एजेंसी को अपना अनुभव तथा किस प्रकार शहर की जमीन, बिजली तथ्ाा पानी की रक्षा करेंगे का पूरी प्रस्तुतीकरण 19 नवंबर जमा करने का समय दिया गया है। बोकारो स्टील द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार निजी कंपनी के अधिकारी व्यक्तित्व रूप से प्रस्तुतीकरण दे सकते हैं या बोकारो स्टील प्रबंधन द्वारा उपलब्ध कराए गए जूम एप के माध्यम से अपना प्रस्ताव दे सकते हैं।
प्रबंधन के इस फैसले से सुरक्षा विभाग के अधीन काम कर रहे होमगार्ड के जवानों को बेरोजगार होने का खतरा मंडरा रहा है।
होमगार्ड संगठन ने प्रबंधन आरोप लगाते हुए कहा है कि अधिकारियों के मिली भगत से ही बिजली, पानी की चोरी के साथ-साथ क्वार्टर पर अवैध कब्जा एवं जमीन पर अतिक्रमण का खेल होता है।
उल्लेखनीय है कि सुरक्षा विभाग के अधीन 2000 से अधिक होमगार्ड के जवान काम करते हैं। इसके बावजूद लगभग 7000 एकड़ से अधिक जमीन पर अतिक्रमण है। तथा शहर में आपूर्ति होने वाले बिजली का 30% से अधिक बिजली तथा पानी की चोरी होती है। प्रबंधन का मानना है कि निजी सुरक्षा एजेंसी को कम देने से इस पर रोक लगेगी।
