साहिबगंज। रविवार देर रात करीब दो बजे पुरानी रंजिश के चलते साहिबगंज में गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। बोकारो जिला बल में तैनात पुलिस कांस्टेबल पवन साह पर अपने ही मोहल्ले के टेंट-कैटरर्स व्यवसायी मुन्ना साह को गोली मारने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना में गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह की इलाज के दौरान मौत हो गई।

यह घटना शहर के केलाबाड़ी पोखर क्षेत्र स्थित काली स्थान पूर्वी फाटक के पास घटी। परिजनों के अनुसार मुन्ना साह और पवन साह के बीच करीब तीन महीने पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर रविवार देर रात दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई।

​आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पवन साह ने काली स्थान पूर्वी फाटक के पास मुन्ना साह को गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल मुन्ना साह को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मुन्ना साह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर बाहर गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी और बोकारो जिला बल में तैनात जवान पवन साह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही, मामले में देवघर में पदस्थापित हवलदार रूपक पासवान को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और वारदात में उनकी संलिप्तता की गहराई से जांच कर रही है।

घटना के बाद पुलिस ने मौके और आसपास के इलाकों में गहन छानबीन शुरू कर दी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार, नगर पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता एवं जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि कुमार सिंह लगातार मामले की जांच में जुटे हुए हैं। पुलिस इस वारदात से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।