​रांची।झारखंड की राजनीति में एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मामला सामने आया है। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा और उनसे जुड़ी जोसिमा खाखा पर एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की ने पढ़ाई के नाम पर लाकर शारीरिक प्रताड़ना, श्रम कराने और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। धुर्वा थाना प्रभारी को संबोधित ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराए जाने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भारी हलचल मच गई है।

​पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया है कि मई 2026 तक वह सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। आरोप है कि एमा बाड़ा और जोसिमा खाखा उसे पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का झांसा देकर सिमडेगा विधायक आवास ले गईं और फिर उसी रात उसे रांची स्थित विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर पहुंचा दिया गया।

​इसके बाद,1 जून को दोबारा रांची बुलाकर उसे निर्माण कार्य में ईंट-बालू ढोने जैसे कामों में लगाया गया। पीड़िता का कहना है कि पढ़ाई का भरोसा देकर उससे घरेलू और मजदूरी के काम कराए गए और बात न मानने पर प्रताड़ित किया जाता था।

​शिकायत का सबसे डरावना और गंभीर पहलू 5 अगस्त 2026 की घटना से जुड़ा है। नाबालिग का आरोप है कि उस दिन दोपहर में विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर उनके द्वारा उसके साथ जबरदस्ती यौन शोषण किया गया। विरोध करने पर मारपीट की गई और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

​इसके अगले दिन सुबह जोसिमा खाखा के साथ उसे सिमडेगा वापस भेज दिया गया और महीनों के काम के बदले उसे महज तीन हजार रुपये दिए गए। पीड़िता ने अक्टूबर के दौरान शारीरिक समस्याओं और डॉक्टर द्वारा गर्भावस्था की आशंका जताए जाने का भी उल्लेख किया है।

​चूंकि मामला एक 14 वर्षीय नाबालिग से जुड़ा है और इसमें पॉक्सो एक्ट के गंभीर प्रावधान लागू होते हैं, इसलिए पुलिस प्रशासन पर निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई का भारी दबाव है। पीड़िता ने अनाथ होने और आरोपियों के प्रभावशाली होने का हवाला देते हुए अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल,ऑनलाइन एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस के लिए सभी तथ्यों, समय-क्रम और मेडिकल साक्ष्यों की सत्यता की जांच करना सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।