​रांची। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति, योजनाओं के संचालन और रखरखाव में सराहनीय योगदान देने वाली राज्य की 8 जलसहियाओं को सम्मानित किया। नेपाल हाउस में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें विशेष प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट किए गए। इस दौरान सचिव अबु इमरान ने जलसहियाओं के कार्यों की सराहना करते हुए राज्य की अन्य सहियाओं को भी इनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

सम्मानित होने वालों में बोकारो जिले की 5 और रांची जिले की 3 जलसहियाएं शामिल हैं। कार्यक्रम में सहिया दीदियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव भी साझा किए। इन जलसहियाओं ने ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति के साथ समन्वय बनाकर जल जीवन मिशन की योजनाओं को धरातल पर सफल बनाने, जल संरक्षण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभाई है।

जल जीवन मिशन का उद्देश्य केवल नल से जल पहुंचाना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और सुरक्षित जलापूर्ति सुनिश्चित करना है। जलसहियाएं ग्रामीणों को वाटर टैक्स देने के प्रति जागरूक कर रही हैं। एकत्रित जल कर का उपयोग योजनाओं की मरम्मत, संचालन और प्लंबर व पंप ऑपरेटरों के मासिक वेतन भुगतान के लिए किया जा रहा है।