​लातेहार/हजारीबाग। झारखंड के लातेहार और हजारीबाग जिलों में शनिवार को हुए दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में एक मासूम बच्ची समेत कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

​लातेहार: डेढ़टंगवा घाटी में कंटेनर ने बाइक और ऑटो को रौंदा, 7 की मौत

​चंदवा-चांपी-लोहरदगा पथ पर चंदवा थाना क्षेत्र स्थित डेढ़टंगवा घाटी के तीखे ढलान पर शनिवार दोपहर बाद एक दर्दनाक हादसा हुआ। लोहरदगा की ओर से आ रहे एक भारी अनियंत्रित कंटेनर ने चंदवा की ओर से आ रही बाइक और ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया।

​दुर्घटना में बाइक सवार एक महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।ऑटो की टक्कर इतनी भीषण थी कि उसके परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 5 लोगों की जान चली गई।​हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम, मंत्री राधाकृष्ण किशोर, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा और पुलिस निरीक्षक मनोरंजन कुमार सिंह दल-बल के साथ पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत व बचाव कार्य चलाया।

​हजारीबाग: अज्ञात स्कॉर्पियो की टक्कर से पिता और एक वर्षीय बेटी की मौत

​दूसरा हादसा हजारीबाग जिले के केरेडारी-बड़कागांव मेन रोड पर देसवारी के समीप देर शाम को हुआ। बेलतू (केरेडारी) निवासी मो. आसीन अपनी पत्नी और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से अपने ससुराल जोको जा रहे थे। इसी दौरान केरेडारी से बड़कागांव की ओर जा रही एक अज्ञात स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।ग्रामीणों की मदद से घायलों को केरेडारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मो. आसीन और उनकी एक वर्षीय बेटी को मृत घोषित कर दिया।गंभीर रूप से घायल पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर कर दिया गया है।