बोकारो। जिले में लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं की परेशानी बढ़ती जा रही है। निर्धारित आयु सीमा पार होने के कारण सैकड़ों अभ्यर्थियों के सरकारी नौकरी पाने का सपना अधर में लटक गया है। इसी समस्या को लेकर युवाओं ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना देकर भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू करने, आयु सीमा में छूट देने और बोकारो के स्थानीय युवाओं को नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग उठाई। धरना में लगभग 400 से 500 अभ्यर्थियों के शामिल होने की बात कही गई।

अभ्यर्थियों ने कहा कि जिले में लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया लंबित रहने के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। कई युवा वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने से उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिर रहा है। इस बीच अनेक अभ्यर्थी निर्धारित उम्र सीमा पार कर चुके हैं। ऐसे युवाओं के लिए विशेष आयु छूट का प्रावधान किया जाना न्यायसंगत होगा।

समय सीमा तय कर भर्ती शुरू करने की मांग

धरना दे रहे युवाओं ने प्रशासन से जल्द भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने तथा पूरी प्रक्रिया के लिए स्पष्ट समय सीमा निर्धारित करने की मांग की। उनका कहना था कि भर्ती प्रक्रिया की समय-सारिणी सार्वजनिक होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा, आवेदन और नियुक्ति की जानकारी समय पर मिल सके। उन्होंने स्थानीय युवाओं को जिला स्तरीय नियुक्तियों में प्राथमिकता देने तथा सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी की।

मांग पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल

अभ्यर्थियों ने कहा कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था और शांतिपूर्ण आंदोलन में विश्वास रखते हैं। इसके बावजूद यदि निर्धारित समय सीमा में भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती और उनकी समस्याओं पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करने को बाध्य होंगे। युवाओं ने प्रशासन से उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की अपील की।