गिरिडीह। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को गिरिडीह परिसदन भवन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस, राहुल गांधी और झारखंड की हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संवैधानिक संस्थाओं पर प्रहार कर रहा है और जनता को भ्रमित कर रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर के नाम पर गलत नैरेटिव सेट कर लोगों को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया क्या है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की यह आदत बन चुकी है कि चुनाव जीतने पर वाहवाही करते हैं और हारने पर ईवीएम व चुनाव आयोग पर दोष मढ़ते हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वे लोकतांत्रिक तरीकों के बजाय भीड़ तंत्र के सहारे सत्ता परिवर्तन का ख्वाब देख रहे हैं।

झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। राज्य में विकास कार्य ठप हैं क्योंकि सरकार के पास काम करने की इच्छाशक्ति की कमी है।

केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि झारखंड में खनिजों का सही तरीके से नीलामी नहीं कराया जा रहा है, बल्कि अवैध तरीके से खनिज संपदाओं का दोहन हो रहा है। हेमंत सरकार सरकारी खजाना भरने के बजाय अपना खजाना भरने में लगी है।

उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि झारखंड में महिलाएं बिल्कुल सुरक्षित नहीं हैं और आए दिन लूटपाट, हत्या व दुष्कर्म जैसी घटनाएं हो रही हैं।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, प्रभारी डॉ. संजय सिंह, जिला मंत्री सुरेश प्रसाद मंडल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष उषा कुमारी सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।