‎फुसरो(बेरमो)। फुसरो नगर परिषद क्षेत्र में बिना वैकल्पिक व्यवस्था (पुनर्वास) के फुटपाथी दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम पर हटाने की कार्रवाई का भाजपा ने कड़ा विरोध किया है। भाजपा फुसरो नगर मंडल ने पहले बसाओ, फिर उजाड़ो की नीति पर जोर देते हुए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अविनाश उर्फ टुनटुन तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि छठ महापर्व के बाद बिना वेंडिंग जोन बनाए दुकानदारों को बलपूर्वक उजाड़ा गया, तो पार्टी स्थानीय व्यापारियों के हक में उग्र व शांतिपूर्ण आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

‎भाजपा के ज्ञापन में कई मांगे रखी, बिना व्यवस्थित वेंडिंग जोन में पुनर्वासित किए किसी भी वेंडर को बेदखल न किया जाए। चिह्नित स्थानों (सब्जी मंडी आदि) पर शेड, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के साथ वेंडिंग जोन जल्द बने। नगर परिषद द्वारा चिह्नित 788 फुटपाथी दुकानदारों को टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से तत्काल वेंडर आईडी कार्ड दिए जाएं। स्थायी पुनर्वास होने तक सड़क किनारे एक येलो लाइन खींची जाए, ताकि दुकानदार उसके अंदर रहकर व्यवसाय कर सकें और यातायात बाधित न हो।

‎इस मामले पर अंचल अधिकारी संजीत कुमार सिंह ने बताया कि फुसरो बाजार में एंबुलेंस, स्कूल बस और आम यातायात के भारी जाम की लगातार शिकायतों के बाद यह अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया था। हालांकि, दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे महापर्व को देखते हुए और दुकानदारों के मानवीय अनुरोध पर फिलहाल इस कार्रवाई को छठ तक के लिए रोक दिया गया है। सीओ ने आश्वासन दिया कि प्रशासन किसी का रोजगार नहीं छीनना चाहता। पुराने सब्जी बाजार और चंद्रपुरा की तरफ मुड़ने वाले पुल के नीचे (जहां यातायात प्रभावित नहीं होता) फुटपाथी दुकानदारों को जगह उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए इच्छुक दुकानदार अपना एक आवेदन और आधार कार्ड की प्रति लगाकर नगर परिषद कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

‎भाजपा फुसरो मंडल अध्यक्ष टुनटुन तिवारी ने बताया कि सीओ और नगर परिषद कार्यालय में हुई वार्ता बेहद सकारात्मक रही। प्रशासन इस बात पर सहमत है कि छोटे व्यवसायियों का रोजगार प्रभावित न हो। यह तय हुआ है कि छठ पूजा के बाद एक संयुक्त बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यवसायी संघ के अध्यक्ष और दुकानदार मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में सबकी सहमति से तय होगा कि दुकानदारों को कहाँ और कैसे बसाया जाए।

‎इस मौके पर भाजपा के वरीय नेता मधुसूदन प्रसाद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष जगन्नाथ राम, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश स्वर्णकार व दिनेश यादव, दिनेश सिंह, गोपी डे, अशोक मिश्रा, सूरज सिंह राठौर, अमित डे, रामू तांती, मनोज चंद्रवंशी और चंदन राम सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। ज्ञापन की प्रतिलिपि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष और बोकारो उपायुक्त को भी भेजी गई है।